दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, दो युवक गंभीर घायल

हरदोई। हरपालपुर थाना क्षेत्र के सांडी–हरपालपुर मार्ग पर लमकन गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें एक बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और भीड़ जमा हो गई, जिसका फायदा उठाकर टक्कर मारने वाला बाइक सवार अपनी बाइक लेकर मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हरपालपुर थाना क्षेत्र के अदरामऊ गांव निवासी महेंद्र पुत्र राम प्रकाश (उम्र 24 वर्ष) अपने साथी मुकेश पुत्र हरिराम (उम्र 38 वर्ष) के साथ सांडी तिराहे से मोबाइल की दुकान से मोबाइल खरीदकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान लमकन गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही एक बाइक अनियंत्रित होकर उनकी बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना पर राहगीरों द्वारा 108 एंबुलेंस को बुलाया गया। मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस (यूपी 32 एफजी 0648) के ईएमटी राजू एवं पायलट अवनीश ने दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार देते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी है।