जिला महिला चिकित्सालय में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का हुआ आयोजन

हरदोई। जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देशानुसार “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान एवं मिशन शक्ति फेज 5.0 के अंतर्गत जिला महिला चिकित्सालय हरदोई में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सुबोध कुमार ने नवजात बालिकाओं के माता-पिता को पौधे भेंट कर किया, जिससे बेटियों के जन्म को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर प्रियंका पांडेय ने महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर जिला प्रोबेशन कार्यालय से संपर्क करने की अपील की। वहीं, रूबी देवी ने जनपद में संचालित वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं और महिला हेल्पलाइन के बारे में विस्तार से बताया।

कार्यक्रम में महिला कल्याण विभाग से प्रियंका पांडेय, रूबी देवी, पल्लवी मिश्रा, संध्या, सर्व देव नारायण, विजय रत्ना, वंदना एवं अमित कुमार ने सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में बेटियों के जन्म के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना और महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी देना रहा।