हरदोई में तमंचा दिखा पत्नी को धमकाना पड़ा भारी, आरोपित पति गिरफ्तार

हरदोई के बिलग्राम थाना क्षेत्र के ग्राम हैबतपुर में घरेलू विवाद के एक मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को अवैध तमंचे सहित गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार हैबतपुर गांव में पत्नी वंशिका ने अपने पति सोनू वर्मा पर मारपीट करने और तमंचा दिखाकर धमकाने का आरोप लगाया था। सूचना मिलते ही बिलग्राम पुलिस और PRV टीम मौके पर पहुंच गई।
मौके पर पहुंची पुलिस को प्रारंभ में पीड़िता नहीं मिली, लेकिन आरोपी सोनू वर्मा वहां मौजूद था। पुलिस ने जब उससे पूछताछ की तो उसने घर के पास बजरी के नीचे तमंचा छिपाने की बात कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस ने मौके से 12 बोर का अवैध तमंचा बरामद कर लिया। हालांकि तलाशी के दौरान कोई कारतूस बरामद नहीं हुआ।
पुलिस ने आरोपी से तमंचे का लाइसेंस दिखाने को कहा, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने उसे आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया और आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पीड़िता के बयान के आधार पर अन्य धाराएं भी बढ़ाई जा सकती हैं।