हरदोई में मिशन शक्ति का एक्शन, सरेराह फब्तियां कसने वाले दो युवक गिरफ्तार

हरदोई। मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत हरदोई पुलिस ने नारी सुरक्षा को लेकर सख्त कार्रवाई करते हुए दो मनचलों को सरेराह गिरफ्तार किया है। बघौली थाना क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम सारीपुर निवासी चांद मियां और मोहम्मद फैज सड़क पर आने-जाने वाली महिलाओं और युवतियों पर अश्लील टिप्पणियां कर रहे थे। इसी दौरान गश्त पर निकली पुलिस टीम की नजर उनकी हरकतों पर पड़ी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया।
जो युवक कुछ देर पहले तक राह चलती महिलाओं को असहज कर रहे थे, पुलिस की गिरफ्त में आते ही उनकी सारी हेकड़ी निकल गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना बघौली में धारा 296 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि महिलाओं की गरिमा के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। सरेराह छींटाकशी और अभद्र व्यवहार करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई के बाद जहां क्षेत्र की महिलाओं में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है, वहीं असामाजिक तत्वों में डर का माहौल देखा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मिशन शक्ति के तहत महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है।