
हरदोई।शाहाबाद तहसील क्षेत्र में सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची राजस्व टीम को अवैध कब्जेदारों के विरोध का सामना करना पड़ा। ग्राम सहिजना, परगना आलमनगर स्थित गाटा संख्या 157 पर किए गए इस अभियान के दौरान कब्जेदारों और राजस्व कर्मियों के बीच नोकझोंक की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को शांत कराया और अवैध कब्जेदारों को सख्त चेतावनी दी।
जानकारी के अनुसार, उक्त भूमि पर नसीम पुत्र एहसान, असमून और सामून पुत्रगण मुंशी, निवासी ग्राम रौतापुर मजरा सहिजना ने अवैध कब्जा कर रखा था। मामले में न्यायालय तहसीलदार द्वारा 29 मार्च 2025 और 23 जून 2025 को बेदखली व जुर्माने का आदेश पारित किया गया था। इसके बावजूद कब्जेदारों ने भूमि खाली नहीं की।
तहसील प्रशासन ने इसके बाद 24 जुलाई 2025 को नोटिस जारी किया, जिसका जवाब भी कब्जेदारों द्वारा नहीं दिया गया।
अंततः 25 अक्टूबर 2025 को नायब तहसीलदार के नेतृत्व में कानूनगो कुलदीप यादव, राजस्व लेखपाल और पुलिस टीम के सहयोग से सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, अभियान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ और कब्जेदारों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि यदि दोबारा कब्जा करने का प्रयास किया गया तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।