धार्मिक स्थलों के नजदीक बिक रहा मीट, शिकायत के बावजूद कार्यवाही शून्य

शाहाबाद/हरदोई।मंदिरों के नजदीक मानकविहीन मीट की दुकानों के धड़ल्ले से संचालन के बावजूद पर्याप्त कार्रवाई न होने से हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त है।

बताया गया कि हिंदू संगठन के पदाधिकारी शिवंम बाजपेई, लवकुश राठौर, अखिलेश शुक्ला, नितान्त गुप्ता, अमित मिश्रा आदि ने 3 नवंबर 2025 को उपजिला अधिकारी शाहाबाद अंकित तिवारी को एक मांग पत्र देकर अवगत कराया कि आवास विकास कॉलोनी, अल्हापुर चूकी बावा बनखंडी मंदिर, संकटादेवी मंदिर के आसपास मानकविहीन मीट की दुकानें संचालित हो रही हैं।

लेकिन 13 नवंबर 2025 तक इस मांग पत्र पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 14 नवंबर 2025 को लवकुश राठौर ने धार्मिक स्थलों के पास संचालित मीट दुकानों को बंद कराने की शिकायत दर्ज करवाई।

शिकायत के करीब एक माह बीत जाने के बावजूद खाद्य निरीक्षक सुधा कनौजिया की जांच केवल दुकानों तक सीमित रही। इस पर अधिशासी अधिकारी कृष्ण कुमार सोनकर ने बताया कि बगैर लाइसेंस संचालित मीट विक्रेताओं को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है।

हिंदू संगठनों का कहना है कि धार्मिक स्थलों के आसपास ऐसे विक्रेताओं पर कार्रवाई में देरी से समाज में असंतोष फैल रहा है और उम्मीद जताई है कि जल्द प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।