हरियाणा सरकार पर जनता का नॉन-स्टॉप भरोसा, 11 सालों में मजबूत हुआ सड़क नेटवर्क: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

चंडीगढ़। वशिष्ठ। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश की जनता का राज्य सरकार पर नॉन-स्टॉप भरोसा है, क्योंकि यह सरकार काम करने वाली सरकार है। पिछले 11 वर्षों में हरियाणा में सड़क नेटवर्क को जिस तरह मजबूती मिली है, उससे विपक्ष को परेशानी हो रही है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन प्रश्नकाल के दौरान विधायक श्रीमती गीता भुक्कल द्वारा पूछे गए प्रश्न का उत्तर दे रहे थे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विपक्ष के सदस्यों द्वारा बार-बार पोस्टर लाना या अखबार दिखाना सरकार के लिए कोई नई बात नहीं है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार अपने कार्यों पर विश्वास रखती है और जनता भी सरकार के कार्यों पर भरोसा कर रही है। पहले की सरकारों ने सड़क सुदृढ़ीकरण पर ध्यान नहीं दिया, जबकि पिछले 11 वर्षों में प्रदेश के सड़क नेटवर्क को अभूतपूर्व मजबूती दी गई है। यही वजह है कि विपक्ष बेचैन है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि झज्जर से छुछकवास तक ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे का निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन विपक्ष ने इसके लिए सरकार का धन्यवाद तक नहीं किया। उन्होंने कहा कि कम से कम सड़कों के सुधार और विकास कार्यों के लिए विपक्ष को सरकार का आभार व्यक्त करना चाहिए।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विपक्ष पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उनके पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। विपक्ष वोट चोरी जैसे आरोप लगा रहा है, जबकि सच्चाई यह है कि जनता ने कांग्रेस की नीतियों और कार्यशैली को पूरी तरह नकार दिया है। इसी हताशा और कुंठा में विपक्ष अनर्गल बयानबाजी कर रहा है।

बीपीएल सूची को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से बनाई। लोगों से स्वयं यह बताने को कहा गया कि वे गरीबी रेखा से नीचे हैं और उन्होंने अपने फॉर्म खुद भरे। पूर्ववर्ती सरकार में आय सीमा 1 लाख 20 हजार रुपये थी, जिसे बढ़ाकर वर्तमान सरकार ने 1 लाख 80 हजार रुपये किया। इसके बाद बीपीएल के लिए आवेदन लिए गए। उन्होंने कहा कि उसी समय सदन में स्पष्ट कर दिया गया था कि चुनाव के बाद सत्यापन किया जाएगा और जो अपात्र होगा उसका नाम सूची से हटा दिया जाएगा। ऐसे में स्कैंडल की बात कहां से आ गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायक श्री बीबी बत्रा द्वारा 8 लाख का जो आंकड़ा बताया जा रहा है, वह तथ्यों से परे है। वर्ष 2022 में राशन कार्ड की संख्या 30 लाख से अधिक थी। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में गरीब व्यक्ति को उसका हक तक नहीं मिल पाता था, जबकि अन्य लोग उसका लाभ उठा लेते थे। मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि वोट देना जनता का अधिकार है और जनता ने कांग्रेस की नीतियों को पूरी तरह खारिज कर दिया है, यही सच्चाई विपक्ष को स्वीकार करनी होगी।