
लखनऊ। गौ माता की रक्षा और प्रत्येक गांव में गौशाला की स्थापना की मांग को लेकर हरियाणा के पानीपत से निकला एक सनातनी परिवार इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। अजीत और प्रियंका अपने बच्चों के साथ सैकड़ों किलोमीटर की पदयात्रा करते हुए लखनऊ पहुंचे, जहां उन्होंने गौ संरक्षण को लेकर सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाई। दंपत्ति का कहना है कि यह यात्रा किसी व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए नहीं बल्कि गौ माता के सम्मान और संरक्षण के लिए है।
पानीपत से शुरू हुई यह पदयात्रा हर गांव और कस्बे से होकर गुजरी, जहां लोगों ने इस अनोखी पहल का स्वागत किया। रास्ते भर दंपत्ति “हर गांव एक गौशाला” का नारा लगाते रहे और लोगों को गौ सेवा से जुड़ने का संदेश देते रहे। परिवार के बच्चों की सहभागिता ने इस पदयात्रा को और भी खास बना दिया, जिसने राह चलते लोगों का ध्यान खींचा।
लखनऊ पहुंचकर दंपत्ति ने डिप्टी सीएम बृजेश पाठक से मुलाकात कर गौ रक्षा अभियान से जुड़ा ज्ञापन सौंपा और प्रदेश में गौशालाओं की स्थिति मजबूत करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि जब तक हर गांव में सुरक्षित और व्यवस्थित गौशाला नहीं होगी, तब तक गौ माता की रक्षा अधूरी रहेगी।
इस ऐतिहासिक पदयात्रा को लोग गौ सेवा की नई मुहिम के रूप में देख रहे हैं। हरियाणा से यूपी तक की इस यात्रा ने यह संदेश दिया है कि यदि संकल्प मजबूत हो तो एक परिवार भी समाज और सरकार का ध्यान बड़े मुद्दों की ओर आकर्षित कर सकता है।