किरावली: इफको नैनो उर्वरक उपयोग महाअभियान के तहत रबी फसल विचार संगोष्ठी आयोजित

किरावली। विकासखंड अछनेरा के ग्राम साधन स्थित शहीद स्मारक पार्क में शुक्रवार को इफको नैनो उर्वरक उपयोग महाअभियान के अंतर्गत रबी फसल विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता इफको लखनऊ के उप महाप्रबंधक (विपणन) जशवीर सिंह और इफको आगरा के वरिष्ठ क्षेत्र प्रबंधक डॉ. प्रहलाद सिंह ने की।

संगोष्ठी में ग्राम प्रधान साधन के रणधीर सिंह, बसइया के राजपूत जनक सिंह, गढ़िमा के सुखवीर सिंह, इफको आगरा के उप क्षेत्र प्रबंधक नरेंद्र कुमार, कनिष्ठ क्षेत्र प्रतिनिधि दीपक चौधरी और इफको एमसी के क्षेत्रीय प्रबंधक राजीव तिवारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

डॉ. प्रहलाद सिंह ने किसानों को नैनो उर्वरकों के वैज्ञानिक उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नैनो डीएपी से बीज उपचार करने पर अंकुरण बेहतर होता है, फसल की गुणवत्ता में सुधार होता है और पैदावार भी बढ़ती है। उन्होंने सुझाव दिया कि दानेदार डीएपी की आधी मात्रा के साथ नैनो डीएपी का प्रयोग करना फायदेमंद रहेगा। इसके साथ ही नैनो यूरिया, नैनो जिंक, नैनो कॉपर और सागरिका उत्पादों के संयुक्त उपयोग से सभी फसलों में लाभ प्राप्त होता है।

उप महाप्रबंधक जशवीर सिंह ने किसानों को इफको की योजनाओं से अवगत कराया और कहा कि सही मात्रा, सही विधि और सही समय पर कृषि आदानों का प्रयोग ही अधिक उत्पादन की कुंजी है। राजीव तिवारी ने पादप सुरक्षा रसायनों और किसान सुरक्षा बीमा योजना की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन दीपक चौधरी ने किया।

अंत में नरेंद्र कुमार ने रासायनिक उर्वरकों के असंतुलित प्रयोग के नुकसान बताते हुए संतुलित पोषण अपनाने की अपील की और सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में लगभग 480 प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया। किसानों को निःशुल्क जैव अपघटक वितरित किए गए तथा लकी ड्रा के माध्यम से पांच किसानों को स्प्रे पंप प्रदान किए गए।