
लखनऊ। राजधानी में क्वीनीफाइड इंक प्रालि. की ओर से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित भव्य समारोह में सौंदर्य, आत्मविश्वास और प्रतिभा का अद्भुत संगम देखने को मिला। जहां तनिष्का शर्मा को मिस यूनिवर्स उत्तर प्रदेश-2026, कार्तिका मौर्या को मिस टीन उत्तर प्रदेश-2026 और गुर शरण कौर को मिसेज उत्तर प्रदेश-2026 का खिताब प्रदान किया गया।
संगीत और रोशनी के बीच गूंजा ऑडिटोरियम
सुमधुर संगीत और इंद्रधनुषी रोशनी के बीच जैसे ही 38 प्रतिभागियों ने रैम्प पर कदम रखा, पूरा हॉल तालियों की गूंज से भर उठा। यह आयोजन केवल एक ब्यूटी पेजेंट तक सीमित नहीं रहा, बल्कि नारी सशक्तिकरण और प्रतिभाओं को मंच देने का एक सशक्त उदाहरण बनकर उभरा।
लखनऊ की संस्कृति और आधुनिक फैशन का अनोखा संगम
कार्यक्रम में पारंपरिक चिकनकारी परिधानों से लेकर आधुनिक गाउन तक, रैम्प पर लखनऊ की सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक फैशन का आकर्षक मेल देखने को मिला। परिचय राउंड में प्रतिभागियों ने अपनी गरिमा, आत्मविश्वास और अनूठी शैली से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं प्रश्न-उत्तर सत्र में प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक सोच और तार्किक क्षमता का परिचय देते हुए ‘ब्यूटी विद ब्रेन्स’ की परिभाषा को सार्थक किया।

विजेताओं और रनरअप का विवरण
मिस यूनिवर्स उत्तर प्रदेश-2026 का ताज लखनऊ की तनिष्का शर्मा के सिर सजा, जबकि दिव्या गुप्ता फर्स्ट रनरअप और यशिता जीत सेकंड रनरअप रहीं। मिस टीन उत्तर प्रदेश-2026 में कार्तिका मौर्या विजेता बनीं और गौरी सिंह राजपूत फर्स्ट रनरअप रहीं। वहीं मिसेज उत्तर प्रदेश-2026 का खिताब गुर शरण कौर ने जीता, जबकि संजना श्रीवास्तव फर्स्ट रनरअप और पद्मा सिन्हा सेकंड रनरअप रहीं।
विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी में सजा ताज
सभी विजेताओं को क्वीनीफाइड इंक प्राइवेट लिमिटेड की संस्थापिका एवं प्रतियोगिता की राज्य निदेशक प्रीति यादव ने ताज पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. जगदीश चंद्र सहित विशिष्ट अतिथि महक ढींगरा (मिस चार्म इंडिया 2025), अपर्णा अहीर राव (मिसेज यूनिवर्स साउथ ईस्ट एशिया 2025), डॉ. अनीता रंजन, मनिका विश्वकर्मा (मिस यूनिवर्स इंडिया-2025) अमजद खान और अपेक्षा नागर उपस्थित रहे। तो वहीं कार्यक्रम का सफल संचालन सिमरन आहूजा ने किया।