
मारपीट में एक गंभीर, पुलिस ने दोनों पक्षों पर दर्ज किया मुकदमा
फतेहपुर-बाराबंकी। महिला के साथ अभद्र टिप्पणी किए जाने के विवाद में कोतवाली फतेहपुर क्षेत्र के एक गांव में दो पक्षों के बीच जमकर हिंसा हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना में एक व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है।
मामला कोतवाली फतेहपुर क्षेत्र के ग्राम ईसेपुर का है। पुलिस को दी गई तहरीर में प्रेमावती पत्नी अनिल कुमार ने बताया कि वह कस्बा फतेहपुर से सामान खरीदकर घर लौट रही थी। इसी दौरान गांव के ही निवासी रामदीन ने उस पर अभद्र टिप्पणी करते हुए कटाक्ष किया। महिला ने जब यह बात घर पहुंचकर परिजनों को बताई, तो पति के बड़े भाई विमल कुमार शिकायत करने रामदीन के घर पहुंचे।
शिकायत के दौरान दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते-देखते मारपीट में बदल गई। इसी बीच घटना की जानकारी मिलते ही दोनों पक्षों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद गाली-गलौज के साथ-साथ दोनों ओर से ईंट-पत्थरबाजी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस झड़प में दोनों पक्षों के दो लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी संजीत सोनकर ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर विधिक व आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।