
आगरा, 21 सितंबर 2025: आगरा में सी.एफ. एंड्रयूज स्कूल बल्केश्वर में आयोजित इंडिया जीनियस अवार्ड 2025 में 700 बच्चों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. बबीता सिंह (अध्यक्ष, राज्य महिला आयोग) और आयोजक अमित श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर डॉ. गिरधर शर्मा को नेशनल लीडरशिप अवार्ड से सम्मानित किया गया।

इस वर्ष इंडिया जीनियस ओलंपियाड में स्वामी विवेकानंद स्कूल, इटावा के कक्षा 8 के शिवांश आनंद ने सर्वोच्च अंक हासिल कर इंडिया के जीनियस का खिताब जीता। वहीं, सी. एफ. एंड्रयूज स्कूल की माही सिंह को गर्ल जीनियस घोषित किया गया। इस अवसर पर प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को सिल्वर, गोल्ड और ब्रॉन्ज मेडल प्रदान किए गए।

डॉ. गिरधर शर्मा ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रतियोगी परीक्षाएँ बच्चों के स्वयं आकलन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं और इस मंच से उनकी प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलता है। डॉ. बबीता सिंह ने कहा कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान नहीं बल्कि मानसिक विकास और परिश्रम का माध्यम भी है, जो सफलता और सम्मान दिलाने में सहायक होता है।
इस अवसर पर स्कूल स्तर पर 600 बच्चों को सम्मानित किया गया। अन्य विजेताओं में आरव शर्मा, वेदांशी सिंघल, अन्वित उपाध्याय, आरव सिंह, ईशिका चतुर्वेदी, आयुष सिंह, जतिन कुमार, कल्प अग्रवाल और सक्षम सिंह तोमर शामिल रहे। विजेताओं को टैबलेट और स्मार्ट वॉच देकर सम्मानित किया गया।
अमित श्रीवास्तव ने बताया कि प्रयास स्टूडेंट्स वेलफेयर सोसाइटी ने 75 शहरों में इंडिया जीनियस परीक्षा आयोजित की, जिसमें 2.87 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस अवसर पर रुचि तंवर, अंशु सिंह, डॉ. सुनील उपाध्याय, प्रशांत पाठक, ज्ञानेंद्र तिवारी, अरविंद जी, समीर सक्सेना और पुनीत चतुर्वेदी को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन आदित्य अग्रवाल ने किया।