
विद्यालय को एक लाख की लागत से बनी बेंचें की भेंट
सिंगाही खीरी। कस्बे के पूर्व आईआरएस अधिकारी श्री संजय पंत ने एक बार फिर समाज के प्रति अपनी संवेदनशीलता और दायित्वबोध का परिचय देते हुए शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय पहल की है। उन्होंने पुरैना तालाब के पास स्थित ब्राह्मण टोला प्राथमिक विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की शैक्षिक सुविधा को बेहतर बनाने के उद्देश्य से लगभग एक लाख रुपये की लागत से निर्मित बेंचों का दान किया।
शनिवार को विद्यालय परिसर में सादे किंतु गरिमामय कार्यक्रम के दौरान इन बेंचों को औपचारिक रूप से बच्चों को सौंपा गया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों और ग्रामीणों ने पूर्व आईआरएस संजय पंत के इस योगदान की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में अनुकरणीय पहल बताया।
कार्यक्रम में प्रभारी निरीक्षक मनीष सिंह, नगर पंचायत चेयरमैन मोहम्मद कय्यूम, श्रीराम सिंह, दीप शाह, अनूप भंडारी, भोजराज पंत, विद्यालय प्रबंधक अतुल भंडारी, रमन जोशी, के.बी. सेन, रवी शुक्ल, विद्यालय के प्रधानाचार्य ज्ञानेंद्र तिवारी, अध्यापक शिवम पाण्डेय, भंवर शाह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ज्ञानेंद्र तिवारी ने कहा कि बेंच उपलब्ध होने से बच्चों को बैठकर पढ़ने में सुविधा मिलेगी, जिससे उनकी पढ़ाई के साथ-साथ मनोबल भी बढ़ेगा। वहीं उपस्थित वक्ताओं ने श्री पंत के इस सामाजिक कार्य को प्रेरणादायक बताते हुए अन्य सक्षम लोगों से भी शिक्षा के विकास में सहयोग करने की अपील की।