विधायक जगदीश राय के प्रयास से जफराबाद को मिली विकास की सौगात

जौनपुर।जफराबाद विधानसभा क्षेत्र की जनता के लिए विकास की नई सौगात मिली है। क्षेत्र के विधायक जगदीश नारायण राय के प्रयासों से उत्तर प्रदेश सरकार ने सई नदी पर पीपा पुल के निर्माण सहित दो स्थानों पर पुलिया और संपर्क मार्ग के निर्माण को मंजूरी दे दी है।

सरकार की ओर से जारी स्वीकृति पत्र के अनुसार, सालखपुर–गुतवन मार्ग पर सई नदी पर पीपा पुल का निर्माण ₹30.74 लाख की लागत से कराया जाएगा। इसके अलावा सेहमलपुर गांव (भैंसहां बस्ती से ताला मझवारा तक) नाले पर 2×5 मीटर पुलिया और पहुंच मार्ग का निर्माण ₹86 लाख की लागत से होगा, जबकि धर्मपुर क्षेत्र के समोपुर कला यादव बस्ती संपर्क मार्ग पर ₹64 लाख की लागत से पुलिया का निर्माण किया जाएगा।

विधायक जगदीश नारायण राय ने बताया कि उन्होंने इन परियोजनाओं के प्रस्ताव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजे थे, जिन्हें सरकार ने स्वीकृत कर लिया है। उन्होंने कहा कि इन निर्माण कार्यों के पूरा हो जाने से ग्रामीणों को आवागमन में आ रही कठिनाइयों से राहत मिलेगी और क्षेत्र का विकास तेज़ी से आगे बढ़ेगा।

विधायक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताते हुए कहा कि, “इन परियोजनाओं से न सिर्फ सड़क संपर्क सुधरेगा बल्कि व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच भी आसान होगी। यह जफराबाद के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक बड़ा कदम है।”