
जैदपुर (बाराबंकी)। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शुक्रवार सुबह जैदपुर कोतवाली में ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम का आयोजन बड़े उत्साह के साथ किया गया। यह दौड़ सुबह 7 बजे थाना चौराहा से प्रारंभ हुई, जिसका शुभारंभ जैदपुर कोतवाल संतोष कुमार सिंह और पद्मश्री राम सरन वर्मा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया।

कार्यक्रम की शुरुआत में कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने पद्मश्री राम सरन वर्मा का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। अपने संबोधन में कोतवाल ने कहा कि यह दिन राष्ट्रपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के रूप में मनाया जा रहा है। सरदार पटेल ने स्वतंत्रता के बाद 550 से अधिक रियासतों को एकजुट कर भारत के एकीकरण का ऐतिहासिक कार्य किया था। ‘रन फॉर यूनिटी’ उनके राष्ट्र निर्माण में दिए गए अमूल्य योगदान को सच्ची श्रद्धांजलि है।
थाना प्रभारी ने कहा कि ‘रन फॉर यूनिटी’ केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि यह राष्ट्रीय एकता, सामूहिकता और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक है। जब व्यक्ति ‘मैं’ और ‘मेरा परिवार’ से ऊपर उठकर समाज, शहर और राष्ट्र के लिए कार्य करता है, तभी सच्ची एकता और अखंडता स्थापित होती है।

इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ भी दिलाई गई, जिसमें देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में थाना अतिरिक्त प्रभारी निर्मल सिंह, एसएसआई सुरेश कुमार गुप्ता, कस्बा इंचार्ज विनय कुमार, अहमदपुर चौकी इंचार्ज आलोक कुमार, दरोगा सुधाकर सिंह, देव प्रकाश शुक्ला, जय चन्द, सुरेन्द्र कुमार, विपिन सिंह, दीवान जय नारायन, सिपाही पंकज राठौर, राजेश्वर सिंह, राहुल, चंद रेस, मनोज पांडेय, पवन कुमार, सुग्रीव कुमार, हरि बाबू सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। लगभग चार दर्जन छात्रों ने भी ‘रन फॉर यूनिटी’ में भाग लेकर देशभक्ति और एकता का संदेश दिया।