फेसबुक पर ब्राह्मण समाज पर अभद्र टिप्पणी से सर्व समाज में नाराजगी

जैतपुर। कस्बा के बाजार में शुक्रवार शाम को एक विशेष समुदाय के व्यक्ति द्वारा फेसबुक पर ब्राह्मण समाज के प्रति अभद्र टिप्पणी करने से सर्व समाज में गहरा रोष फैल गया। अशोभनीय टिप्पणी को देखकर ब्राह्मण समाज और अन्य समुदाय के लोग एकत्रित होकर जैतपुर थाने पहुंचे और दोषी के खिलाफ लिखित शिकायत दी।

जानकारी के अनुसार, कस्बा की नंदगवां रोड निवासी सत्यम पुरोहित पुत्र महेश बाबू पुरोहित ने बताया कि फेसबुक पर कुछ दिन से एक व्यक्ति ब्राह्मण समाज के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहा था। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया तो कस्बे का माहौल बिगड़ सकता है।

थाने पहुंचे लोगों ने थानाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह को लिखित तहरीर देकर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष ने भरोसा दिलाया कि दोषी के खिलाफ जल्द ही सर्विस लाइंस की मदद लेकर कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से जैतपुर व्यापार मंडल अध्यक्ष हरिओम तिवारी, अनुज बोहरे, हरिओम दीक्षित, पप्पू प्रधान, आशीष दीक्षित, योगेश दीक्षित, राजू नौपुत्रा, दीपू राजोरिया, अमन पाराशर, ललित महेरे, शिववीर सहित कई युवा उपस्थित थे।