जैतपुर में भूमिया धाम पर लगा पंडोखर सरकार का दिव्य दरबार

जैतपुर। कस्बा नंदगवा रोड स्थित भुमिया सरकार आश्रम पर शनिवार को भिंड जिले के लाहार तहसील के प्रसिद्ध पंडोखर सरकार के पीठाधीश्वर पूजनीय गुरु शरण शर्मा जी ने दिव्य दरबार लगाकर भक्तों की समस्याओं का समाधान किया। इस दौरान पीठाधीश्वर ने न केवल भक्तों की शंकाओं का निवारण किया बल्कि उन्हें सदमार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित भी किया।

दिव्य दरबार में पीठाधीश्वर पंडोखर सरकार ने करीब 50 से अधिक पर्चे बनाए, जिनमें शत प्रतिशत मामलों में भक्तों की सही समस्याएँ सामने आईं। भक्तों ने पर्चों की सटीकता देखकर उनकी दिव्य शक्ति की प्रशंसा की। पंडाल में उपस्थित भक्तजन पंडोखर सरकार और भूमिया सरकार के जयकारों से गूंज उठे।

पीठाधीश्वर ने कहा कि भूमिया सरकार और पंडोखर सरकार दोनों ही हनुमान जी की कृपा से संचालित हैं और उनकी शक्ति से ही भक्तजन अपने मार्गदर्शन और समस्याओं का समाधान पा रहे हैं। उन्होंने भूमिया धाम के पीठाधीश्वर पंडित नकुल दास शास्त्री के विशेष अनुरोध पर यह दिव्य दरबार आयोजित किया।

इस अवसर पर पंडोखर सरकार का नगर आगमन प्रथम बार हुआ, जिसमें जैतपुर नगरवासियों ने पुष्प वर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया। समारोह में भुमिया सरकार आश्रम के अध्यक्ष हरिओम तिवारी, सनत जैन, सुरेश जैन, लला गुर्जर, सपा नेता कोकई यादव, राहुल शर्मा, विकास नरवरिया, ललित महेरे, प्रदीप यादव सहित सैकड़ों भक्तजन उपस्थित रहे।