
लार (देवरिया)। प्रदेश सरकार द्वारा आम जनता की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए शुरू किए गए जनसुनवाई पोर्टल की कार्यप्रणाली पर अब सवाल खड़े होने लगे हैं। भाजपा नेता देवेंद्र सिंह राजू ने खुद शिकायत दर्ज कर इस व्यवस्था की खामियों को उजागर करने का दावा किया है।
पूर्व भाजयुमो जिलाउपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह राजू का आरोप है कि संबंधित अधिकारी बिना मौके पर जांच किए ही शिकायतों को निस्तारित दिखा रहे हैं, जिससे आम जनता को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि लार नगर पंचायत के घारी वार्ड में खराब पड़े सरकारी हैंडपंप को लेकर उन्होंने जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन विभाग ने बिना स्थलीय जांच किए ही शिकायत को निस्तारित दिखा दिया। जबकि वास्तविकता यह है कि हैंडपंप अब भी खराब है और स्थानीय लोग पानी के लिए परेशान हैं।
उन्होंने कहा कि यह कोई एक मामला नहीं है, बल्कि कई शिकायतों में इसी तरह कागजी कार्रवाई कर निस्तारण दिखाया जा रहा है। जिम्मेदार अधिकारी इस मामले में पूरी तरह उदासीन बने हुए हैं, जिससे सरकार की मंशा और पारदर्शिता पर भी प्रश्नचिह्न लग रहा है।
देवेंद्र सिंह राजू ने चेतावनी दी कि यदि इस गंभीर लापरवाही पर तत्काल रोक नहीं लगाई गई तो वह सीधे मुख्यमंत्री के जनता दरबार में पहुंचकर पूरे प्रकरण की शिकायत करेंगे और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करेंगे।
वहीं, इस मामले में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (ईओ) बृजेश गुप्ता का कहना है कि बिना शिकायतकर्ता से संपर्क किए किसी भी प्रकरण का निस्तारण नहीं किया जाता। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह स्वयं शिकायतकर्ता से बात कर पूरे मामले की जांच करेंगे और यदि कहीं कोई कमी पाई जाती है तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।