
जसवंतनगर/इटावा। नगर कोतवाली में नवागंतुक थाना प्रभारी कमल भाटी ने विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। इसके बाद उन्होंने सभी रजिस्टरों की जांच की और क्षेत्रीय व बीट प्रभारियों सहित समस्त पुलिस स्टाफ से परिचय प्राप्त कर कार्यवाहियों की समीक्षा की।
थाना प्रभारी भाटी ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता किसी भी फरियादी की समस्या को सुनकर तुरंत उचित निराकरण करना है। उनका कहना था कि जनता हमें कानून का कठोर पक्ष दिखाने वाली पुलिस न समझे, बल्कि मित्र के रूप में अपनी समस्याएँ साझा करे। उन्होंने आगाह किया कि शासन की मंशा के अनुसार अपराधियों को शहर में कोई जगह नहीं दी जाएगी और कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए प्रत्येक क्षेत्र और आसपास होने वाली हर गतिविधि पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए।
विदित हो कि कमल भाटी इससे पूर्व कन्नौज जिले के बालग्राम, इंदरगढ़ और ठठिया थानों का चार्ज संभाल चुके हैं। क्राइम ब्रांच प्रभारी के रूप में दो वर्षों तक कार्य करते हुए उन्होंने कई चर्चित मामलों का खुलासा किया। इनमें पादरी गैंग के दस सदस्यों को महाराष्ट्र के औरंगाबाद से गिरफ्तार करना और चोरी की गई रिवाल्वर के साथ एक लाख रुपये के इनामी बदमाश को मध्य प्रदेश से पकड़ना शामिल है।
उनकी प्रभावशील कार्यशैली के लिए पुलिस विभाग ने उन्हें कई बार सम्मानित भी किया है। थाना प्रभारी भाटी का अपराधियों के प्रति दृष्टिकोण सख्त और स्पष्ट है।