
जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के खानपुर गांव में बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। खानपुर गांव निवासी दीपक सोनकर को मामूली विवाद में गोली मारकर घायल कर दिया गया। आनन-फानन में परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है।
परिजनों के अनुसार दीपक सोनकर के घर वैवाहिक कार्यक्रम की तैयारी चल रही थी, तभी जगदीशपुर गांव निवासी आनंद सिंह, वीरू विश्वकर्मा और शिवांश सिंह मौके पर पहुंचे और कहासुनी के बाद कई राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान एक गोली दीपक सोनकर के पैर में जा लगी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
घटना के बाद क्षेत्राधिकारी देवेश सिंह जिला अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिजनों से बातचीत कर उन्हें आश्वासन दिया कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना से एक सप्ताह पूर्व जिलाधिकारी और सरायख्वाजा थानाध्यक्ष को प्रार्थना पत्र दिया गया था, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने संज्ञान लिया होता तो यह घटना रोकी जा सकती थी।
पीड़ित परिजनों ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिलाधिकारी द्वारा न्याय व्यवस्था के दावे किए जाते हैं, लेकिन इस मामले में प्रार्थना पत्र पर कार्रवाई न होने से अपराधियों के हौसले बढ़े। फिलहाल पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।