
झांसी। अरविंद हत्याकांड से जुड़े दो आरोपियों का बुधवार तड़के स्वाट और सीपरी थाना पुलिस से आमना-सामना हो गया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से दोनों आरोपी घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों के मौके पर पहुंचने के बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। उनके कब्जे से दो तमंचे और कारतूस बरामद हुए हैं।
जानकारी के अनुसार 8 सितंबर को सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम भोजला निवासी अरविंद यादव की पुरानी रंजिश के चलते दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में रिंकू यादव सहित 8–10 लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस अब तक पांच आरोपियों को जेल भेज चुकी है, लेकिन मुख्य आरोपी रिंकू यादव फरार है।
बुधवार सुबह भोजला मार्ग पर भरारी फार्म हाउस के पास पुलिस की रिंकू यादव के साथियों से भिड़ंत हुई। फायरिंग के दौरान पुलिस की गोली पैर में लगने से अशोक उर्फ कल्लू और भंवर सिंह यादव उर्फ छोटू घायल हो गए। दोनों ग्राम भोजला के निवासी हैं। फिलहाल पुलिस मुख्य आरोपी रिंकू यादव की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।