झांसी-खजुराहो मार्ग पर अनियंत्रित बस पलटी, आधा दर्जन से अधिक घायल

झांसी। झांसी-खजुराहो राजमार्ग पर बुधवार की सुबह एक बस अनियंत्रित होकर दुर्घटना ग्रस्त हो गई, जिसमें आधा दर्जन से अधिक सवारियां गंभीर रूप से घायल हो गई। जानकारी के मुताबिक, यह बस जयपुर से मध्यप्रदेश के छतरपुर बागेश्वर धाम जा रही थी।

बस क्रमांक आरजे 09 पीए 6133 सवारियों को लेकर छतरपुर के लिए निकली थी। जैसे ही बस बरुआ सागर के पास पहुंची, तभी अचानक बस चालक को झपकी लगने के कारण बस अनियंत्रित हो गई। इसके साथ ही बस का आगे का पहिया ब्लास्ट हो गया। बस डिवाइडर से टकराई और पलटते हुए सड़क किनारे खाई में जा गिरी। इस हादसे के दौरान बस में बैठे सवारियों में चीख-पुकार मच गई।

बस में सवार लुधियाना निवासी रामबाबू, मध्यप्रदेश के नौगांव अलीपुरा निवासी फरीद खान, बंगरा निवासी नारायण दास, खन्ना निवासी सागर देवी, पन्ना (मध्यप्रदेश) निवासी दुली चंद्र और मनीषा जैन तथा छतरपुर जिले के नीरज तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलने पर थाना प्रभारी मुकेश कुमार सोलंकी पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा। अधिकारियों ने बताया कि हादसे में कोई मौत नहीं हुई है, लेकिन घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने बताया कि बस चालक की झपकी और आगे के पहिए का ब्लास्ट इस हादसे की मुख्य वजह रही। मार्ग पर यातायात सामान्य है और पुलिस राहत एवं बचाव कार्य जारी है।