
लखनऊ। झूलेलाल जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित न होने से सिंधी समुदाय में निराशा देखी जा रही है। इंदिरा नगर स्थित झूलेलाल भवन में आयोजित चेट्टी चंद मेला कमेटी की बैठक में यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि देश के कई राज्यों जैसे राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात सहित अन्य प्रदेशों में भगवान झूलेलाल जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित है, ऐसे में उत्तर प्रदेश में भी अवकाश घोषित किया जाना चाहिए।
बैठक में चेट्टी चंद मेला कमेटी के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से मांग की कि उत्तर प्रदेश में भी सिंधी समाज के ईष्ट देव भगवान झूलेलाल की जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाए। कमेटी ने बताया कि जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिलकर इस संबंध में औपचारिक अनुरोध करेगा।
बैठक में नई कार्यकारिणी का गठन भी किया गया, जिसमें पुरानी टीम को यथावत रखते हुए कुछ नए समाजसेवियों को भी शामिल किया गया। कमेटी के प्रवक्ता अशोक मोतियानी, अध्यक्ष रतन मेघानी, महामंत्री संजय जसवानी, कोषाध्यक्ष सतेन्द्र भावनानी, श्याम कृषनानी, हंसराज राजपाल, राजू जसवानी, सतीश लखमानी, सुरेश छबलानी, अमरनाथ चौधरी सहित सभी पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से बताया कि 20 मार्च को भगवान झूलेलाल जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी।
सिंधी बाहुल्य क्षेत्रों से भगवान झूलेलाल की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी और विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। बैठक में नीरज राजपाल, नितेश मध्यान, विक्की दयलानी, दिनेश रायचंदानी, प्रल्हाद गुरनानी, आनंद खत्री, सुरेश चबलानी, मुकेश केवलानी, मनीष लालवानी, निखिल तोलानी, सूरज जसवानी, पुनीत लालचंदानी, घनश्याम सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।
सिंधी समाज ने प्रदेश सरकार से भावनाओं का सम्मान करते हुए झूलेलाल जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग दोहराई है।