
हथौड़ा–त्योनाकला मार्ग के लिए 90 लाख स्वीकृत, निर्माण शुरू
कछौना (हरदोई)। दो विकासखंड कछौना व कोथावां को जोड़ने वाला हथौड़ा से त्योनाकला संपर्क मार्ग पिछले दो दशकों से जर्जर और गड्ढायुक्त हालत में था। बजरी पूरी तरह उखड़ चुकी थी और बरसात में आवागमन बाधित हो जाता था। ग्रामीण लंबे समय से इस मार्ग के जीर्णोद्धार की मांग कर रहे थे।
क्षेत्रीय विधायक रामपाल वर्मा ने इस समस्या को प्रमुखता से शासन-प्रशासन के समक्ष उठाया। उनके प्रयासों से शासन ने लगभग 90 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी है और निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया है।
यह मार्ग हथौड़ा, लालताखेड़ा, हेमनखेड़ा, पड़री, भानपुर, ओनवा, त्योना खुर्द, त्योनाकला, कोथावां, बेनीगंज सहित सैकड़ों गांवों के लिए मुख्य आवागमन का साधन है। मार्ग पर विद्यालय, धार्मिक स्थल, अस्पताल और बाजार स्थित हैं। परिवहन विभाग की बसें भी इसी मार्ग से संचालित होती हैं, जिनसे ग्रामीण दिल्ली और हरियाणा जैसे शहरों तक जाते हैं।
लगभग 5.5 किलोमीटर लंबे इस मार्ग की चौड़ाई 3 मीटर रखी जाएगी। सड़क का पूर्ण निर्माण कराया जाएगा। माइनरों की पुलिया निर्माण के लिए सिंचाई विभाग को पत्र भेजा जाएगा, जबकि अन्य पुलिया का निर्माण संबंधित विभाग कराएगा।
ग्रामीणों ने बताया कि गहरे गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती थीं और कई बार मतदान बहिष्कार कर विरोध भी जताया गया था। अब निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्र में खुशी की लहर है। जन सरोकार मंच, ग्राम प्रधानों और ग्रामीणों ने विधायक के प्रयास की सराहना की है।