
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के काकोरी क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई जब मदारपुर-पुरैना मार्ग पर सड़क किनारे एक महिला की खून से सनी लाश बरामद हुई। शव के हाथ बंधे हुए थे, जिससे प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, वहीं शरीर पर कई जगह नीले दाग भी पाए गए हैं, जो किसी हिंसक वारदात की ओर इशारा कर रहे हैं।
सुबह के समय जब राहगीरों की नजर शव पर पड़ी तो इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई, लेकिन गांववालों ने महिला की पहचान से इनकार कर दिया। मृतका नाइट वियर में थी और उसकी उम्र करीब 30 से 32 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। डीसीपी वेस्ट कमलेश दीक्षित ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। आसपास के जिलों, खासकर उन्नाव समेत अन्य थानों में भी महिला की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस को आशंका है कि महिला की हत्या कहीं और कर शव को यहां फेंका गया हो सकता है। साथ ही दुष्कर्म के बाद हत्या की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है, हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और पुलिस की टीमें मामले के खुलासे में जुटी हैं।