कंचनपुर में 10 लाख के पेयजल घोटाले पर पर्दा डालने की कोशिश, शिकायत के बाद दूसरी पाइपलाइन डालने पहुंची टीम

मथुरा। गोवर्धन तहसील की ग्राम पंचायत अड़ींग के नगला कंचनपुर में करीब 10 लाख रुपये के पेयजल घोटाले का मामला सामने आने के बाद अब काम शुरू होता दिख रहा है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद रविवार को जल जीवन मिशन की टीम मौके पर पहुंची और दूसरी पाइपलाइन डालने का कार्य प्रारंभ कर दिया। आरोप है कि बीते तीन वर्षों में लाखों रुपये निकाले गए, लेकिन ग्रामीणों को एक बूंद पानी तक नसीब नहीं हुआ।
ग्रामीणों के अनुसार वर्ष 2023 से 2025 के बीच पेयजल लाइन और मेंटीनेंस के नाम पर करीब 10 लाख रुपये खर्च दर्शाए गए। इनमें से 2.78 लाख रुपये बोरवेल स्थापना के नाम पर निकाले गए, जबकि गांव में बोरवेल स्थापित ही नहीं हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि यदि बोरिंग हुआ होता तो बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन भी किया जाता, जो अब तक नहीं किया गया है।
ई-ग्राम स्वराज वेबसाइट पर उपलब्ध विवरण के अनुसार एक्टिविटी कोड 61125340 दिनांक 10-05-2023 को 5,03,802 रुपये मेंटीनेंस व अन्य मदों में निकाले गए। इसी कोड से 2,78,456 रुपये बोरवेल के नाम पर आहरित किए गए। इससे पूर्व वित्तीय वर्ष 2022-23 में इसी कोड से 8,89,182 रुपये कंचनपुर, रामपुर, राजपुर और रंगपुरा आदि नगलों में संयुक्त पेयजल व्यवस्था के लिए निकाले गए थे।
ग्रामीण नेत्रपाल सिंह सहित अन्य लोगों ने आरोप लगाया कि पौने तीन लाख रुपये का बोरिंग कार्य धरातल पर कहीं नहीं दिखता। जब बोरिंग ही नहीं हुआ और जलापूर्ति कभी शुरू नहीं हुई तो वर्ष 2022-23 से 2025 तक मेंटीनेंस के नाम पर धन निकासी कैसे होती रही। उनका कहना है कि यह स्पष्ट वित्तीय अनियमितता है।
गौरतलब है कि अड़ींग गांव में 70 के दशक की पुरानी पानी की लाइन अब भी कई स्थानों पर लीक है, जिससे गंदा पानी सप्लाई होने की शिकायतें आम हैं। पूरी पंचायत में 10 से 12 करोड़ रुपये की लागत से नई पाइपलाइन और पानी की टंकी निर्माण का कार्य जल जीवन मिशन के तहत प्रस्तावित है, लेकिन वर्षों से इसमें अड़चनें बनी हुई हैं।
ग्रामीणों ने पूरे मामले की शिकायत जिलाधिकारी, कमिश्नर और मुख्य सचिव को साक्ष्यों सहित भेजी है। पंचायत सचिव यतिन शर्मा ने कहा कि यह कार्य उनके कार्यकाल से पूर्व का है। प्राथमिक जानकारी में बोरवेल स्थापित नहीं होने की बात सामने आई है। विस्तृत जांच के बाद उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।
कैप्शन: रविवार को जल जीवन मिशन के तहत पानी की दूसरी पाइपलाइन डालने के लिए नगला कंचनपुर के निकट श्रमिक कार्य करते हुए।