
बहराइच। उत्तर प्रदेश शासन के मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के अंतर्गत महाराज सुहेल देव स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के जिला महिला चिकित्सालय में महिला आयोग की उपाध्यक्ष (उपमंत्री स्तर) श्रीमती अपर्णा यादव ने कन्या जन्मोत्सव मनाया। इस अवसर पर उन्होंने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. संजय खत्री, पुलिस क्षेत्राधिकारी मोतीपुर श्रीमती हर्षिता तिवारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनोद राय और अन्य अधिकारियों के साथ केक काटा।
कार्यक्रम में कन्याओं के माताओं को बच्चियों की ड्रेस, जॉन्सन बेबी किट, नाश्ता, केक और अन्य उपहार वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त श्रीमती यादव ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की और बच्चों का अन्नप्रासन कराया। मिशन शक्ति अभियान के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को हाॅट कुक्ड योजना के तहत बर्तन भी प्रदान किए गए।
श्रीमती यादव ने इस अवसर पर कहा कि भारतीय समाज में नारी का स्थान उच्चतम है और परिवार का विकास नारी के गर्भ में पल रहे शिशु के जन्म से तय होता है। मिशन शक्ति फेज-5.0 महिलाओं और बच्चों के सशक्तिकरण एवं समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि यदि महिलाएं सशक्त और बेटियां सुरक्षित होंगी तो उत्तर प्रदेश का विकास और “उत्तम प्रदेश” की अवधारणा साकार होगी।
कार्यक्रम के बाद उपाध्यक्ष ने जिला कारागार पहुंचकर महिला बैरक का निरीक्षण किया और महिला बंदियों के साथ रह रहे बच्चों को कपड़े, बिस्किट व चॉकलेट वितरित किए। पाकशाला का निरीक्षण करते हुए उन्होंने भोजन की गुणवत्ता जांची और संतोष व्यक्त किया। कारागार परिसर में पौधरोपण भी किया गया।
इसके पश्चात श्रीमती अपर्णा यादव ने सलारगंज स्थित वन स्टाप सेंटर का निरीक्षण किया और पीड़ित महिलाओं को शासन द्वारा अनुमन्य सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर श्रीमती पूजा चैधरी, पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर पहुप सिंह, कारागार अधीक्षक राजीव कुमार और जेलर अजय कुमार झा उपस्थित रहे।