
पलियाकलां (खीरी)।कार्तिकी पूर्णिमा और देव दीपावली के पावन अवसर पर बुधवार को शारदा नदी के तट पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। हजारों की संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु तड़के से ही शारदा नदी में आस्था की डुबकी लगाने पहुंचे। पूरा वातावरण “हर हर गंगे” और “जय मां शारदा” के जयघोष से गूंज उठा।
नदी तट पर पारंपरिक कार्तिकी मेला का भव्य आयोजन किया गया, जहां भजन-कीर्तन, हवन और रामचरितमानस पाठ से वातावरण भक्तिमय बना रहा। जगह-जगह श्रद्धालुओं और समाजसेवियों ने भण्डारे का आयोजन किया, जिसमें सभी भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह मेला केवल धार्मिक नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और पारस्परिक प्रेम का प्रतीक है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, सभी ने भक्ति और उल्लास के साथ आयोजन में भाग लिया।
पुलिस प्रशासन और नगर पंचायत की ओर से मेले को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए पुख्ता इंतज़ाम किए गए। सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण, जल और प्रकाश की व्यवस्था पूरे दिन सुचारू रही।
कार्तिक पूर्णिमा पर शारदा नदी का यह आयोजन स्थानीय संस्कृति और परंपराओं का जीवंत उदाहरण बन गया, जिसने जनमानस को भक्ति और सद्भाव के सूत्र में बांध दिया।