
अम्बेडकर जयंती को लेकर कासगंज में फ्लैग मार्च, एसपी ने किया पैदल गश्त
कासगंज। Kasganj जनपद में Ambedkar Jayanti के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में नजर आया। पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह व क्षेत्राधिकारी आंचल चौहान ने शहर के प्रमुख इलाकों में पैदल गश्त कर फ्लैग मार्च निकाला और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान पुलिस टीम ने मुख्य मार्गों, चौराहों, बाजारों, भीड़-भाड़ वाले स्थानों और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में गश्त कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। साथ ही स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उन्हें किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस बल को आपराधिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की लगातार चेकिंग करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस की सक्रियता से आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई। प्रशासन का कहना है कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।