
कासगंज। पटियाली क्षेत्र के ग्राम नवादा स्थित गौशाला में लगातार मिल रही अनियमितताओं की शिकायतों को जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने गंभीरता से लिया है। शिकायतों की सत्यता जानने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर संबंधित अधिकारियों की एक टीम ने गौशाला का स्थलीय निरीक्षण किया, जिसमें कई गंभीर खामियां उजागर हुईं।
जांच रिपोर्ट में गौशाला के संचालन में लापरवाही, अव्यवस्थाएं एवं मानकों की अनदेखी सामने आने पर जिलाधिकारी ने सख्त कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत सचिव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। वहीं, कर्तव्यों के निर्वहन में शिथिलता पाए जाने पर खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि गौशालाओं के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गौवंशों की समुचित देखभाल, चारा, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में तय मानकों का पूर्ण पालन अनिवार्य है। भविष्य में यदि इस प्रकार की शिकायतें पुनः सामने आती हैं, तो और भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि गौशाला की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार कराया जाए और नियमित निरीक्षण कर उसकी रिपोर्ट प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए, ताकि गौवंशों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।