कासगंज: एसपी ने बाजार में किया फ्लैग मार्च, कानून-व्यवस्था व सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

कासगंज। जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह के नेतृत्व में मुख्य बाजार क्षेत्र में व्यापक फ्लैग मार्च किया गया। इस दौरान उनके साथ अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर आँचल चौहान एवं भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के अंतर्गत प्रमुख बाजारों, संवेदनशील स्थानों एवं भीड़-भाड़ वाले इलाकों में पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया गया। पुलिस टीम ने आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने के उद्देश्य से जगह-जगह रुककर लोगों से संवाद भी किया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। साथ ही दुकानदारों को अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
पुलिस ने नागरिकों को सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए जागरूक किया। अधिकारियों ने कहा कि जनसहभागिता से ही प्रभावी कानून-व्यवस्था कायम रखी जा सकती है।
इसके अलावा थाना क्षेत्र में निकलने वाली हनुमान जयंती की शोभायात्रा (डोला) को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। आयोजकों को परंपरागत एवं निर्धारित रूट का ही पालन करने के निर्देश दिए गए तथा सभी से आपसी समन्वय बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने की अपील की गई।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।