
लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU) ने 08 अगस्त को एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC) से A++ ग्रेड प्राप्त किया है। विश्वविद्यालय को यह सर्वोच्च मान्यता 3.67 की उत्कृष्ट CGPA के साथ प्रदान की गई है, जो इसकी शैक्षणिक गुणवत्ता, शोध नवाचार और प्रशासनिक दक्षता का प्रमाण है।
यह उपलब्धि कुलपति प्रो. सोनिया नित्यनंद के दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम है। 09 अगस्त 2023 को कार्यभार ग्रहण करते समय उन्होंने विश्वविद्यालय को A++ स्तर पर पहुंचाने का संकल्प लिया था। केवल दो वर्षों में यह सपना साकार हुआ, जो न केवल केजीएमयू बल्कि सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश के लिए गर्व का विषय बन गया है।
IQAC टीम की भूमिका सराहनीय
इस सफलता में आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) के समन्वयक प्रो. राजीव गर्ग और उनकी टीम का योगदान उल्लेखनीय रहा। विश्वविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों, शोधकर्ताओं और छात्रों ने इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए समर्पण और मेहनत का परिचय दिया।
कुलपति ने जताया आभार
प्रो. सोनिया नित्यनंद ने इस उपलब्धि पर KGMU परिवार को बधाई दी और विश्वविद्यालय की संरक्षिका राज्यपाल आनंदीबेन पटेल एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताया, जिनके सहयोग और मार्गदर्शन से यह सफलता संभव हो सकी।
राष्ट्रीय चिकित्सा शिक्षा में नया मील का पत्थर
KGMU की यह उपलब्धि उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि भारत की चिकित्सा शिक्षा प्रणाली में एक नया मील का पत्थर है। यह मान्यता भविष्य में अन्य संस्थानों के लिए भी एक प्रेरणा बनेगी, जिससे देश में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।