
खेरागढ़। हमारी संस्कृति हमारी पहचान थीम के अंतर्गत विकास खंड खेरागढ़ कार्यालय परिसर में संस्कृति उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सहेजना और स्थानीय कलाकारों व प्रतिभाशाली बच्चों को मंच प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय कलाकारों ने लोक संगीत का गायन एवं वादन प्रस्तुत किया, वहीं स्कूली बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक नाट्य और प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। समापन अवसर पर सभी कलाकारों और प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी सुष्मिता यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक परंपरा, कला, साहित्य, संगीत, गायन-वादन, नृत्य एवं लोकनाट्य जैसी विरासतों को संरक्षित करना और स्थानीय स्तर पर सांस्कृतिक प्रतिभाओं को पहचान व प्रोत्साहन देना ही प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित सांस्कृतिक उत्सव का मुख्य उद्देश्य है।
कार्यक्रम के दौरान रघुवीर माहौर ने गीत गायन प्रस्तुत किया, जबकि सूरज शर्मा ने प्राचीन संस्कृति और शिक्षा पद्धति पर विस्तृत जानकारी दी। कु. तनु ने पृथ्वी बचाओ विषय पर प्रस्तुति दी। कु. दीप्ति और प्रिया ने लोक नृत्य प्रस्तुत किया, वहीं छात्रा सरिता ने लोक गीत गाकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के अंत में लेखराज ने प्रेरणादायी गीत प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में नायब तहसीलदार अभिषेक कुमार, एडीओ दीवान सिंह, वीरेंद्र सिंह, सचिव आमीन खां, डरे लाल, शशि शेखर दुबे, राजकुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।