
लखनऊ पुलिस और पंजाब पुलिस की संयुक्त कार्यवाही में दबोचा गया जग्गा
लखनऊ। लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट और पंजाब पुलिस ने सोमवार को लखनऊ में बड़ी सफलता हासिल की। बता दें कि पंजाब पुलिस से आई टीम और लखनऊ पुलिस ने खालिस्तानी आतंकी जगदेव सिंह जग्गा को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी सोमवार को दोपहर राजधानी के जानकीपुरम के सचिवालय चौराहा सेक्टर सी से हुई।
जगदेव सिंह जग्गा राष्ट्र विरोधी कई मामलों में वांछित चल रहा था और पंजाब पुलिस को उसकी तलाश थी। यह गिरफ्तारी जगजीत सिंह जगद के एक साथी की निशानदेही पर हुई जो पंजाब में पकड़ा गया था। जग्गा पंजाब से लखीमपुर के रास्ते लखनऊ आते वक्त पकड़ा गया।
जगदेव सिंह जग्गा की तलाश कर रही पंजाब पुलिस को जग्गा के एक साथी की पंजाब में गिरफ्तारी के बाद जानकारी मिली कि जगदा सुरक्षित ठिकाने की तलाश में पंजाब से लखनऊ आ रहा है और वह भी लखीमपुर के रास्ते।
इसके बाद अमृतसर स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल की टीम इंस्पेक्टर इंद्रदीप सिंह के नेतृत्व में दस पुलिसकर्मियों के साथ लखनऊ पहुंची थी जिसके बाद लखनऊ पुलिस के सहयोग से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। बता दें कि जगदेव सिंह जग्गा खालिस्तानी समर्थक आतंकवादी परमजीत सिंह पम्मा और मुलतानी सिंह का साथी है।
जगदेव सिंह जग्गा पंजाब के फिरोजपुर जिले के फतेहगढ़ सकरा थाना क्षेत्र के जीरा गांव का रहने वाला है। जग्गा पर आर्म्स एक्ट समेत 9 मुकदमे दर्ज हैं। जगदा के खिलाफ अमृतसर के न्यायिक मजिस्ट्रेट ने 7 फरवरी को गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया था।
जग्गा 2019 में 23 मार्च से 19 अक्टूबर तक और 2020 में 26 अक्टूबर से 26 नवंबर तक अमृतसर और गुरदासपुर की जेल में सजा काट चुका है। बता दें कि जग्गा कनाडा में रहने वाले खालिस्तानी समर्थक परमजीत सिंह पम्मा के संपर्क में रहता है।