खमरिया बीआरसी पर ‘हमारा आंगन हमारे बच्चे’ उत्सव, 55 नौनिहालों को किया गया सम्मानित

लखीमपुर खीरी। खमरिया ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) पर विकासखंड स्तरीय ‘हमारा आंगन हमारे बच्चे’ उत्सव का आयोजन खंड शिक्षा अधिकारी अखिलानन्द राय की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी और प्राथमिक स्तर के बच्चों को प्रोत्साहित करना तथा अभिभावकों को प्रारंभिक शिक्षा के प्रति जागरूक करना रहा।
उत्सव के अंतर्गत प्रत्येक न्याय पंचायत से पाँच बच्चों का चयन कर उन्हें उनके अभिभावकों के साथ विकासखंड स्तर पर सम्मानित किया गया। चयनित बच्चों में आंगनबाड़ी से 5–6 वर्ष आयु वर्ग के 3 बच्चे तथा कक्षा 1 और 2 से 2 बच्चे शामिल रहे। इस प्रकार कुल 55 छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों एवं अभिभावकों के लिए चाय-पानी एवं भोजन की समुचित व्यवस्था की गई थी। समारोह में भाजपा मंडल अध्यक्ष इंद्र कुमार शुक्ला, आंगनबाड़ी सुपरवाइजर शबनम व रुखसार, सीडीपीओ बीना सक्सेना, नोडल शिक्षक एवं एआरपी प्रतीक पंचोली, दिनेश, नरेंद्र जी, त्रिलोकी, अमित सिंह तथा अनिल कुमार कटियार की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इसके साथ ही बीआरसी स्टाफ से अरुण कुमार (आईएमएस), शमसुल (सहायक लेखाकार), कंप्यूटर ऑपरेटर संजय कुमार एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शालिनी तिवारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और अभिभावकों को शिक्षा के महत्व से जोड़ने में मदद मिलती है।