
खेरागढ़। खेरागढ़ विधानसभा क्रिकेट महासंग्राम के बारहवें दिन मंडी समिति ग्राउंड पर क्रिकेट का रोमांच चरम पर रहा। प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों के आक्रामक खेल, दर्शकों की भारी भीड़ और गगनभेदी तालियों ने माहौल को बेहद जोशीला बना दिया। दिनभर खेले गए दोनों मुकाबलों में पुसैता न्याय पंचायत और गोरऊ रिठौरी ग्राम पंचायत की टीमों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की और अगले दौर में अपनी जगह पक्की कर ली।
दिन का पहला मुकाबला पुसैता न्याय पंचायत और बिजली विभाग के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पुसैता की टीम ने पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। 15-15 ओवर के इस मुकाबले में पुसैता की टीम 150 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिजली विभाग की टीम पुसैता की सधी हुई गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और मात्र 75 रन पर ढेर हो गई। इस तरह पुसैता न्याय पंचायत ने यह मुकाबला 75 रन से एकतरफा अंदाज में जीत लिया। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए हेमंत (पुसैता) को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दिन का दूसरा मुकाबला सिंगायच न्याय पंचायत और गोरऊ रिठौरी ग्राम पंचायत के बीच खेला गया। टॉस जीतकर सिंगायच टीम ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। गोरऊ रिठौरी की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 215 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में सिंगायच टीम गोरऊ रिठौरी की धारदार गेंदबाजी के सामने 123 रन पर ही सिमट गई। इस प्रकार गोरऊ रिठौरी ग्राम पंचायत ने 92 रन से शानदार जीत दर्ज की। बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए अंकित (गोरऊ रिठौरी) को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
मैचों के समापन के बाद आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं चेयरमैन खेरागढ़ सुधीर गर्ग ‘गुड्डू’ ने विजेता टीमों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उदय सिंह प्रधान, अमर सिंह शर्मा, सभासद रम्मो लाल, रामसेवक राम (XeN खेरागढ़), विकास वर्मा (J.E.), धर्मेन्द्र (J.E.), नीरज दिवाकर (J.E.) सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
टूर्नामेंट को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। जैसे-जैसे प्रतियोगिता अगले दौर की ओर बढ़ रही है, मुकाबलों का रोमांच भी लगातार बढ़ता जा रहा है और हर मैच क्रिकेट प्रेमियों के लिए यादगार बनता जा रहा है।