खेल समारोह सशक्त भारत, विकसित भारत की ओर ले जाने का महत्वपूर्ण साधन – योगी आदित्यनाथ

झांसी। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीस करोड़ की लागत से बने कन्वेंशन सेंटर का उद्घाटन करते हुए 36वें क्षेत्रीय खेलकूद समारोह 2025 के समापन समारोह में कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का साधन नहीं है, बल्कि सशक्त और विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह पौने ग्यारह बजे हेलीकॉप्टर से झांसी हेलीपेड पहुंचे। वहां से वह कार द्वारा भानू देवी गोयल स्कूल में आयोजित समापन समारोह में पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खेलों को बढ़ावा देने के लिए कई प्रतियोगिताओं की शुरुआत की है और उत्तर प्रदेश सरकार भी खेलों के विकास हेतु लगातार योजनाएं चला रही है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि खेल के माध्यम से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। जब बच्चे स्वस्थ होंगे तभी देश सशक्त और आत्मनिर्भर बनेगा। उन्होंने कहा कि पूर्व में 2017 से पहले उत्तर प्रदेश एक बीमारू राज्य था, माफियाओं की पकड़ में था और गुलामी की मानसिकता व्याप्त थी। बुंदेलखंड और उत्तर प्रदेश के लोग रोजगार के लिए बाहर जाते थे और अपनी पहचान बताने पर भी रोक का सामना करना पड़ता था।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश अब देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। राज्य सरकार प्रत्येक गांव, शहर और खंड विकास में खेल के मैदान और स्टेडियम का निर्माण करा रही है, ताकि हर बच्चा स्वस्थ और सशक्त बने।

मुख्यमंत्री ने अखिल भारतीय विद्या भारती संस्था और उसके पदाधिकारियों को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्या भारती शिक्षा के क्षेत्र में बिना किसी सरकारी मदद के 25,000 शिक्षण संस्थाएं चला रही है और बच्चों में परंपरा, राष्ट्रीय भावना और प्रतिभाओं का विकास कर रही है। उन्होंने कहा कि इसकी नींव 1992 में गोरखपुर में राष्ट्रऋषि देव नारद जी द्वारा रखी गई थी।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि झांसी वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई और हॉकी के जादूगर मेजर ध्यान चंद्र की धरती है। यहां के बालक-बालिकाएं खेलों के माध्यम से देश और विदेश में नाम कमा रहे हैं। विद्या भारती के छात्र ओलंपिक, खेलो इंडिया और अन्य राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर पदक जीत चुके हैं।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों, भानू देवी गोयल स्कूल के प्रबंधक और पदाधिकारियों को इस आयोजन की सफलता के लिए बधाई दी और बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि खेलों के माध्यम से न केवल स्वास्थ्य सुधरेगा, बल्कि बच्चों में नेतृत्व, साहस और टीम भावना का विकास होगा, जो सशक्त और विकसित भारत के निर्माण में सहायक सिद्ध होगा।