किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें अधिकारी: सीडीओ मुकेश चन्द्र

बहराइच। विकास भवन सभागार में आयोजित किसान दिवस बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चन्द्र ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में उन्होंने पूर्व किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए किसानों से सीधा संवाद किया और समस्याओं की प्रगति जानी।
सीडीओ ने कहा कि बहराइच कृषि प्रधान जनपद है और किसानों को समय से खाद, बीज, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए, ताकि कृषि को लाभकारी बनाया जा सके। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए फार्मर रजिस्ट्री अवश्य बनवाएं। जिन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री अभी तक नहीं बनी है, वे अपने नजदीकी जनसेवा केंद्र पर जाकर इसे पूर्ण कराएं, जिससे भविष्य में योजनाओं का लाभ लेने में दस्तावेजों की आवश्यकता न्यूनतम हो।
उप निदेशक कृषि विनय कुमार वर्मा ने भी किसानों से फार्मर रजिस्ट्री कराने की अपील की। उन्होंने आगामी गेहूं कटाई को देखते हुए फसल अवशेष न जलाने की सलाह दी और स्ट्रा रीपर के उपयोग से भूसा तैयार करने का सुझाव दिया, ताकि पशुओं के लिए चारे की कमी न हो। जिला कृषि अधिकारी डॉ. सूबेदार यादव ने खाद एवं बीज की उपलब्धता की जानकारी देते हुए बताया कि उर्द और मूंग बीज मिनीकिट की बुकिंग विभागीय पोर्टल पर जारी है। सहफसली खेती के लिए 20 किलोग्राम मूंग बीज निःशुल्क दिया जा रहा है तथा जायद में बुवाई हेतु मक्का बीज 150 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से अनुदान पर उपलब्ध है।
कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. शैलेन्द्र सिंह ने रबी फसलों की सिंचाई एवं कीट प्रबंधन पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सलाह दी कि गेहूं में फूल आने पर हल्की सिंचाई करें तथा कीट प्रकोप की स्थिति में लाइट ट्रैप और स्टिकी स्टिक का प्रयोग करें। आवश्यकता पड़ने पर हरे निशान वाले रसायनों का उपयोग किया जा सकता है।
बैठक में प्रगतिशील कृषकों ने भी अपनी समस्याएं रखीं। ग्राम सेवढ़ा, विकासखंड पयागपुर के पेशकार पटेल ने नाले की सफाई न होने से उत्पन्न समस्या का मुद्दा उठाया। ग्राम इमलियागंज में छह माह से नलकूप रिबोर न होने तथा डेढ़ वर्ष से नलकूप संचालित न होने की शिकायत भी सामने आई। प्रगतिशील कृषक लालता प्रसाद गुप्ता ने हाईब्रिड मक्का बीज की कीमत 600 रुपये प्रति किलोग्राम होने पर कम से कम 50 प्रतिशत छूट देने की मांग की, जिस पर उप निदेशक कृषि ने जिला कृषि अधिकारी को कृषि निदेशालय लखनऊ को पत्राचार करने के निर्देश दिए।
बैठक में विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी, वैज्ञानिक एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।