
आंवलखेड़ा। बरहन क्षेत्र के गाँव बैनई पैठ में 9 नवंबर को होने वाली किसान महापंचायत अब 6 नवंबर को आयोजित की जाएगी। भारतीय किसान यूनियन भानु के राष्ट्रीय प्रमुख प्रवक्ता बच्चू सिंह चौहान ने प्रेस वार्ता कर मीडिया को इस बदलाव की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि महापंचायत को राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानु प्रताप सिंह संबोधित करेंगे। इस महापंचायत का मुख्य उद्देश्य किसानों की समस्याओं पर चर्चा करना है। इसमें विशेष रूप से डीएपी और यूरिया की आपूर्ति की कमी, किसानों की खतौनी में हिस्सा छंटाई, स्मार्ट मीटर से संबंधित समस्याओं के समाधान और अन्य ग्रामीण मुद्दों पर बात की जाएगी।
इसके अलावा, महापंचायत में पशु पैठ मलिक के पोते के अपहरण और हत्या के मामले को भी उठाया जाएगा। प्रवक्ता बच्चू सिंह चौहान ने कहा कि यह महापंचायत किसानों के अधिकारों और उनके हितों की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।