
फतेहपुर–बाराबंकी। विकासखंड देवा की ग्राम पंचायत टेरा कला में कृषि विभाग द्वारा ग्राम पंचायत स्तरीय गोष्ठी एवं किसान पाठशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला व पुरुष किसानों ने प्रतिभाग कर खेती से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
किसान पाठशाला में कृषि तकनीकी सहायक (एटीएम) विशाल सिंह ने उपस्थित किसानों को प्राकृतिक खेती के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने रासायनिक उर्वरकों व कीटनाशकों के दुष्प्रभाव बताते हुए इनके प्रयोग से बचने और प्राकृतिक संसाधनों पर आधारित खेती अपनाने की सलाह दी। इसके साथ ही उन्होंने किसानों को बताया कि जिन किसानों की फार्म रजिस्ट्री नहीं हुई है, वे शीघ्र ही रजिस्ट्री कराएं।
एटीएम विशाल सिंह ने यह भी कहा कि जिन किसानों को किसान सम्मान निधि का लाभ नहीं मिल पा रहा है, वे अपनी फार्म रजिस्ट्री कराकर समस्या का समाधान करा सकते हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसानों को यदि किसी भी प्रकार की दिक्कत या परेशानी आती है तो उसका समाधान कराने का पूरा प्रयास किया जाएगा।
गोष्ठी एवं किसान पाठशाला के माध्यम से किसानों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उन्नत व प्राकृतिक खेती की ओर प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने विभाग की इस पहल की सराहना की।