
कोसीकलां। उत्तर प्रदेश के नवनिर्वाचित भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का यूपी–हरियाणा बॉर्डर पर नगर सहित मथुरा जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य और जोशीला स्वागत किया गया। जिलाध्यक्ष निर्भय पांडे के नेतृत्व में बड़ी संख्या में भाजपाई एकत्रित हुए और फूल मालाओं, दुपट्टों व स्मृति चिन्ह भेंट कर प्रदेश अध्यक्ष का अभिनंदन किया।
स्वागत समारोह में कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, अलीगढ़ सांसद सतीश गौतम, विधायक पूरन प्रकाश, विधायक राजेश चौधरी, जिला महामंत्री सतपाल चौधरी, चौमुहा ब्लॉक प्रमुख शोभाराम शर्मा, पालिकाध्यक्ष धर्मवीर अग्रवाल, अनुसूचित मोर्चा जिलाध्यक्ष सतीश वाल्मीकि, तरुण सेठ, कोसी मंडल संयोजक सौरभ जैन, दीपक बडगूजर, विनय उपाध्याय, वीरेंद्र कटरा, प्रेम सिंह, सूरजपाल सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार करते हुए कहा कि यह स्वागत केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि भाजपा संगठन की एकजुटता, शक्ति और उत्साह का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उनका लक्ष्य उत्तर प्रदेश की समस्याओं का समाधान करना और संगठन को और अधिक सशक्त बनाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन को मजबूत करते हुए जनता तक सरकार की नीतियों और विकास कार्यों को पहुंचाएं।
उन्होंने कहा, “भाजपा का हर कार्यकर्ता एक सैनिक है, जो प्रदेश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है।” कार्यकर्ताओं ने भी उनके नेतृत्व में भाजपा को नई दिशा और ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने कहा कि पंकज चौधरी का आगमन बृजवासियों के लिए सौभाग्य की बात है और ब्रज की धरती पर उनका हार्दिक स्वागत व अभिनंदन है। कैबिनेट मंत्री प्रतिनिधि नरदेव चौधरी ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में संगठन में नया जोश और उत्साह देखने को मिलेगा। कार्यक्रम के अंत में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।