रफ्तार का कहर: सड़क हादसे में दो पत्रकारों की मौत, परिवारों में मचा कोहराम


कुशीनगर। सड़क हादसे में जनपद के दो पत्रकार धनंजय पाण्डेय और शंभू मिश्रा की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके साथ कार में सवार दो अन्य साथी रमन और सुदेश मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हृदयविदारक हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार पत्रकार धनंजय पाण्डेय और शंभू मिश्रा अपने साथियों रमन और सुदेश के साथ मारुति वैगनआर कार से लखनऊ से पडरौना आ रहे थे। इसी दौरान गोरखपुर–संतकबीरनगर बॉर्डर के समीप उनकी कार भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर ही धनंजय पाण्डेय और शंभू मिश्रा की मौत हो गई, जबकि रमन और सुदेश गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया, जहां रमन और सुदेश का इलाज चल रहा है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, घरों में कोहराम मच गया। परिजन और शुभचिंतक रो-रोकर बेहाल हैं। जिले के पत्रकारों और सामाजिक संगठनों ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संवेदना प्रकट की है।
पुलिस के अनुसार हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार या वाहन के अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है।