शराब के ठेके के पास मिला मजदूर का शव, इलाके में मचा हड़कंप


एत्मादपुर। बरहन तिराहे स्थित देशी शराब के ठेके के पास मंगलवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए आगरा भेज दिया। मृतक की पहचान कस्बा के खंदौली रोड स्थित पंचम बिहार निवासी 32 वर्षीय मजदूर शैलेन्द्र उर्फ सोनू के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने बरहन तिराहे के पास सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा देखा। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराई, जिसके बाद मृतक के परिजनों को भी जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए।
परिजनों ने बताया कि शैलेन्द्र उर्फ सोनू मकानों में शटरिंग लगाने का काम करता था। सोमवार सुबह वह रोज की तरह काम पर जाने के लिए घर से निकला था। शाम करीब सात बजे जब परिवार के लोगों ने फोन किया तो उसने बताया कि वह भंडारे में जा रहा है और घर पर खाना न बनाया जाए। इसके बाद देर रात तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिवार के लोगों ने कई बार फोन किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।
मृतक के पिता बाबूलाल ने बताया कि उनके तीन बेटे हैं। बड़ा बेटा मंगल सिंह आगरा की एक फैक्ट्री में काम करता है, जबकि दूसरा बेटा वीरेंद्र सेना में नौकरी करता है। शैलेन्द्र उर्फ सोनू सबसे छोटा और अविवाहित था। उसकी अचानक मौत से परिवार गहरे सदमे में है।
थाना प्रभारी ने बताया कि सुबह शराब के ठेके के पास एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया गया। शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस का कहना है कि यदि परिजनों की ओर से तहरीर दी जाती है तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।