
लखीमपुर खीरी, 13 अक्टूबर। लखीमपुर शहर के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक रहा। शासन ने संकटा देवी चौराहे से लालपुर बैरियर तक 3.65 किलोमीटर लंबा, 22 मीटर चौड़ा फोरलेन मार्ग बनाने की मंजूरी दे दी है। इस मार्ग पर शहर की सबसे भीड़भाड़ वाली कृष्णा टॉकीज रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) भी बनाया जाएगा।
इस परियोजना के पीछे सीडीओ अभिषेक कुमार की दूरदर्शिता और लगातार प्रयास निर्णायक रहे। उन्होंने जाम और ट्रैफिक की समस्या को शासन के समक्ष प्रमुखता से रखा। कई दौर की बैठकें और तकनीकी रिपोर्टों के बाद शासन से स्वीकृति मिली।
कृष्णा टॉकीज क्रॉसिंग पर लंबे समय से लगने वाला जाम अब इतिहास बनने वाला है। हजारों वाहन रोज़ इस चौराहे से गुजरते हैं और फोरलेन व आरओबी बनने के बाद यातायात सुगम होगा और शहर के मुख्य मार्गों का दबाव भी घटेगा।
स्वीकृति के बाद सीडीओ ने अफसरों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया और मार्ग पर आने वाले अतिक्रमणों की पहचान कर नगर निकाय, लोक निर्माण विभाग और बिजली विभाग के अफसरों को कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। सीडीओ ने कहा कि यह परियोजना सिर्फ सड़क नहीं, बल्कि शहर की जीवनरेखा है।
गत वर्ष सीडीओ अभिषेक कुमार ने शहर के राजापुर चौराहे से डॉन बॉस्को नहरिया तक फोरलेन परियोजना को भी शासन से स्वीकृति दिलाई थी, जिस पर कार्य तेजी से प्रगति पर है। अब संकटा देवी से लालपुर बैरियर तक फोरलेन बनने से शहर को दोनों छोर से आधुनिक सड़क नेटवर्क का लाभ मिलेगा।