पढ़ुआ थाना क्षेत्र में दो भीषण सड़क हादसे, छात्रा की मौत, कई घायल


लखीमपुर खीरी। पढ़ुआ थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह अलग-अलग स्थानों पर हुए दो बड़े सड़क हादसों से इलाके में सनसनी फैल गई। एक हादसे में बोर्ड परीक्षा देने जा रही कक्षा 10 की छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई छात्र-छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरे हादसे में दो बसों की आमने-सामने टक्कर में कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 7:30 बजे ढखेरवा-धौरहरा हाईवे मार्ग पर जीएस सिंह धर्म कांटे के पास छात्रों से भरी एक मैजिक वाहन की सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मैजिक वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि उमा देवी पब्लिक स्कूल के करीब 17 छात्र-छात्राएं मैजिक से गायत्री देवी विद्या मंदिर में बोर्ड परीक्षा देने जा रहे थे।
हादसे में कक्षा 10 की छात्रा चंचल की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य कई छात्र-छात्राएं घायल हो गए, जिनमें लगभग पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को जिला अस्पताल भेजा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृत छात्रा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
इसी क्षेत्र में हुए दूसरे हादसे में दो बसों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें कई यात्री घायल हो गए। प्रशासन के अनुसार घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है।