
सादुल्लाहनगर, बलरामपुर।सुभासपा (सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी) के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व राज्यमंत्री डॉ. अरविंद राजभर का शनिवार को सादुल्लाहनगर क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य एवं जोरदार स्वागत किया गया। स्वागत कार्यक्रम मुबारक मोड़ तिराहा, सादुल्लाहनगर पर आयोजित हुआ, जिसका नेतृत्व युवा प्रदेश अध्यक्ष विकास तिवारी ने किया।
डॉ. अरविंद राजभर के सादुल्लाहनगर पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया और पार्टी के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। स्वागत कार्यक्रम के पश्चात डॉ. राजभर रेहरा बाजार पहुंचे, जहां उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए डॉ. अरविंद राजभर ने कहा कि सुभासपा जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को न्याय और सम्मान दिलाना ही पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया, ताकि पार्टी की नीतियां आमजन तक पहुंच सकें।
डॉ. राजभर ने एनडीए सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि विकास कार्यों के कारण जनता का भरोसा सरकार पर बना हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। इस दौरान स्थानीय समस्याओं पर भी चर्चा की गई और जनता को आश्वासन दिया गया कि उनके मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
सभा को अध्यक्ष अमर मणि कश्यप, युवा प्रदेश अध्यक्ष विकास तिवारी, रक्षाराम, हीरालाल वर्मा, राजन पाल, अनूप त्रिपाठी, रवि तिवारी, बिलाल अहमद, अरविंद उपाध्याय, महमूद प्रधान, हिमांशु सिंह सहित कई नेताओं ने संबोधित किया।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष बब्लू सिंह, अलखराम वर्मा, राजन तिवारी, रिंकू तिवारी, अर्जुन तिवारी, प्रमोद कुमार, नवनीत, दिनेश राजभर, महेश कुमार, पुजारी, राकेश, झिनकन, माला, श्रीराम मौर्य सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।