महामंडलेश्वर एवं बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने अस्पताल पहुंचकर रामपाल वर्मा का जाना कुशलक्षेम

पीलीभीत।महामंडलेश्वर एवं बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष रामनरेश वर्मा के मामा, लालपुर शिवनगर ग्राम निवासी रामपाल वर्मा का बरेली स्थित लाइफलाइन अस्पताल पहुंचकर कुशलक्षेम जाना। बीमारी के चलते रामपाल वर्मा की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें चिकित्सकीय निगरानी में भर्ती कराया गया है।
अस्पताल पहुंचकर महामंडलेश्वर एवं बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने रामपाल वर्मा के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उपचार में लगे चिकित्सकों से विस्तारपूर्वक वार्ता की। उन्होंने चिकित्सकीय टीम से हर संभव बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का अनुरोध करते हुए आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
इस दौरान स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने ईश्वर से रामपाल वर्मा के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की तथा परिजनों को धैर्य और साहस बनाए रखने का संदेश दिया। उनके आत्मीय व्यवहार से परिजन भावुक नजर आए और उन्होंने विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया।
स्थानीय लोगों ने कहा कि महामंडलेश्वर एवं बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद महाराज का इस प्रकार संकट की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होना उनकी संवेदनशीलता और जनसेवा भाव को दर्शाता है।