महर्षि बालार्क चिकित्सालय का प्रमुख सचिव ने किया निरीक्षण, निर्माण परियोजनाओं का लिया जायज़ा

बहराइच: प्रमुख सचिव, खाद्य एवं रसद तथा उपभोक्ता मामले रणवीर प्रसाद ने जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी व मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चन्द्र के साथ महर्षि बालार्क चिकित्सालय का दौरा किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था सीएनडीएस द्वारा निर्माणाधीन 50 बेडेड क्रिटिकल केयर यूनिट, 60 बेडेड आर्थो वार्ड और नर्सिंग हास्टल का निरीक्षण कर कार्य प्रगति की जानकारी प्राप्त की और अधिकारियों को नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए।
इसके साथ ही प्रमुख सचिव ने चिकित्सालय के इमरजेंसी वार्ड, ओ.पी.डी., आईसीयू, आइसोलेशन वार्ड और अन्य वार्डों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, मरीज़ों को दी जाने वाली सेवाओं और सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्राचार्य प्रो. डॉ. संजय खत्री और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एमएमएम त्रिपाठी को निर्देश दिया कि चिकित्सालय आने वाले मरीज़ों को शासन द्वारा अनुमत सभी सुविधाएं प्रदान की जाएं।
रणवीर प्रसाद ने यह भी निर्देश दिया कि भविष्य में चिकित्सालय एक आदर्श इकाई के रूप में विकसित हो और जनपद तथा आस-पास के क्षेत्रों के मरीज़ों को उच्चतम स्तर की चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान कर सके।