
रिपोर्ट : रजत गुप्ता
जसवंतनगर/इटावा। क्षेत्र के ग्राम अधियापुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव के मुख्य आतिथ्य में एक विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन एवं कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कड़ाके की ठंड को देखते हुए सैकड़ो जरूरतमंद गरीबों को कंबल वितरित किए गए।कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन समाजसेवी देवेश पचौरी एवं आलोक मिश्रा ‘लालू’ के सौजन्य से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में पहुंचने पर शिवपाल सिंह यादव का ग्राम अधियापुर में ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और जोरदार नारों के साथ भव्य स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, ग्रामीण, समाजसेवी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए शिवपाल सिंह यादव ने केंद्र व प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। आज थाने और तहसील में बिना रिश्वत के कोई काम नहीं होता। किसान सबसे अधिक परेशान हैं सिंचाई के लिए बिजली नहीं मिल पा रही है जिससे फसलें सूख रही हैं और किसान कर्ज के बोझ तले दबता जा रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार के ‘विकसित भारत’ के नारे पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले भारत पर कर्ज जीडीपी का लगभग 34 प्रतिशत था, आज यह पहले से कई ज्यादा बढ़ गया है। जब देश कर्ज में डूबा हो तो उसे विकसित भारत कैसे कहा जा सकता है? उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में गरीब किसानों के कर्ज माफ किए जाते थे, जब कि आज भाजपा सरकार में पूंजीपतियों के हजारों करोड़ रुपये के कर्ज माफ किए जा रहे हैं। शिवपाल सिंह यादव ने समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आगे आकर जरूरतमंदों की मदद करें, ठंड के मौसम में कंबल वितरण जैसे सामाजिक कार्यों को लगातार जारी रखें। इस मौके पर सपा के जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य बबलू, कन्नौज प्रभारी अनिल प्रताप सिंह, विधायक प्रतिनिधि ठाकुर अजेंद्र सिंह गौर, जिला सचिव जितेंद्र मोना यादव, ऋषिकांत चतुर्वेदी गोपाल गुप्ता सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता पदाधिकारी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।