एक राष्ट्र एक ही शिक्षा, युवा शक्ति की यही है मंशा: सचिन राजौरिया

जैतपुर। कस्बा की कचौराघाट रोड स्थित रामलीला मैदान में सोमवार को युवा शक्ति संगठन का द्वितीय राष्ट्रीय अधिवेशन युवा संगम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एक राष्ट्र, एक शिक्षा लागू करने की आवाज बुलंद की गई। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों युवा उपस्थित हुए और संगठन को मजबूती देने का संकल्प लिया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष अरुण लावानिया, राष्ट्रीय महासचिव संजीव शर्मा, राष्ट्रीय प्रवक्ता सुबोध पांडे और संगठन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय संयोजक योगेश त्यागी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्ष अरुण लावानिया ने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी संगठन को मजबूत कर रही है और यदि इसी तरह सहयोग मिलता रहा तो वन नेशन वन एजुकेशन की मांग जल्द साकार होगी।
राष्ट्रीय महासचिव संजीव शर्मा ने आयोजक राष्ट्रीय प्रधान महामंत्री सचिन राजौरिया की प्रशंसा की और कहा कि संगठन ने आगरा जनपद की हर तहसील के युवाओं को जोड़कर जागृत किया है। राष्ट्रीय प्रवक्ता सुबोध पांडे ने जैतपुरवासियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस युवा संगम ने संगठन की मांगों को वास्तविक रूप दिया है।
मुख्य कर्ता सचिन राजौरिया ने मंच से युवाओं को भरोसा दिलाया कि संगठन हर जरूरतमंद युवा के साथ खड़ा रहेगा। राष्ट्रीय संयोजक योगेश त्यागी ने उपस्थित युवाओं की संख्या देखकर उत्साह व्यक्त किया और कहा कि उनके सहयोग से संगठन रोज मजबूत होगा। मंच संचालन राष्ट्रीय सहसंयोजक विशाल अरेला ने संगठन के जय घोष लगवाकर कार्यक्रम को उत्साहपूर्ण बनाया और वन नेशन वन एजुकेशन की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम में तहसील के होनहार युवाओं को भी सम्मानित किया गया। पिनाहट के राष्ट्रपति पुरस्कार विजेता अजयराज, बटेश्वर की मोहनी गोस्वामी, और जैतपुर क्षेत्र की टीम शिवाय वेलफेयर सोसाइटी को शॉल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इनकी बहादुरी, निस्वार्थ सेवा और समाज के लिए योगदान की सराहना की गई।
फोटो कैप्शन: जैतपुर के रामलीला मैदान में युवा शक्ति संगठन के द्वितीय अधिवेशन के युवा संगम में युवाओं से संबोधित करते हुए पदाधिकारी